Press Trust of India | January 10, 2026 | 12:27 PM IST | 1 min read
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, तीन वर्ष पूर्व राज्य सरकार ने इस गैर सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हेतु भूमि का आवंटन किया था, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और मेडिकल शिक्षा को विस्तार मिल सके।

नई दिल्ली: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 25 से 30 करने की दिशा में काम कर रही है। इस दौरान सीएम सोरेन सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
निजी मेडिकल कॉलेज के पहले एमबीबीएस बैच की कक्षाओं के शुरू होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि सरकार ऐसा तंत्र तैयार करने के लिए प्रयासरत है जिससे न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले बल्कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अगले पांच वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 25-30 करने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’ सोरेन ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में कई तरह की चुनौतियां हैं लेकिन चुनौतियों के बीच काम करने में उन्हें आनंद मिलता है।
सीएम ने कहा, ‘‘हम स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।’’ आगे कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना किया जाना सराहनीय कदम है। वर्तमान में राज्य में निजी मेडिकल कॉलेज समेत लगभग 12 मेडिकल कॉलेज हैं।
हेमंत सोरेन ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “तीन वर्ष पूर्व राज्य सरकार ने इस गैर सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हेतु भूमि का आवंटन किया था, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और मेडिकल शिक्षा को विस्तार मिल सके। स्वास्थ्य क्षेत्र में आज नया अध्याय सरायकेला में शुरू हो चुका है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, समय-समय पर आपके संस्थान के लोगों से मेरा संपर्क बना रहेगा ताकि स्वास्थ्य के क्षेत्र में और हम क्या कर सकते हैं इस पर योजनाएं बनें। आज राज्य भर में 10 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं। 200 से अधिक नर्सिंग कॉलेज हैं।